चतरा। सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत अंतर्गत घूरनाडीह स्थित तड़गू नदी (चटनिया) में शुक्रवार की अहले सुबह पिकनिक मनाने और नहाने गए तीन स्कूली छात्रों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है।
मृत छात्रों की पहचान जिला मुख्यालय के धनगरटोली मोहल्ला निवासी मुकेश सोनी के 16 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार, चौर मोहल्ला निवासी परमेश्वर राम के 11 वर्षीय पुत्र अंश प्रकाश और चौर मोहल्ले के ही संजय दास के 12 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है। तीनों छात्र गीता आश्रम विद्यालय के बताए जा रहे हैं।
सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब 5 बजे चतरा शहर के 8 से 10 छात्रों का एक समूह साइकिलों से नदी में नहाने और पिकनिक मनाने पहुंचा था। इसी दौरान नहाने के क्रम में तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बच्चों के शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। वहीं देर शाम तीसरे छात्र का शव भी बरामद कर लिया गया।
घटनास्थल से पुलिस ने दो साइकिलें, तीन जोड़ी चप्पलें, दो बैग और अन्य सामान बरामद किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि नदी के आसपास मौजूद कुछ बच्चों को ग्रामीणों की मदद से थाना लाया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में हर पहलू से छानबीन जारी है।
घटना पर शोक व्यक्त करते हुए चतरा के अनुमंडल पदाधिकारी मो. जहूर आलम ने बताया कि थाना में प्राथमिकी दर्ज करने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आपदा राहत कोष के तहत सभी मृतक छात्रों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।
