रांची। जेएसएससी-सीजीएल पेपर लीक केस में एसआईटी ने शुक्रवार को चार और लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी लोग वेबल कंपनी के संपर्क में थे। इनमें से एक दीपक कुमार साव, विजय कुमार तिवारी, आनंद कुमार सिंह और उमेश कुमार राय शामिल हैं। सभी से एसआईटी गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है। मालूम हो कि इस मामले में एसआईटी ने गुरुवार को बेवल कंपनी के स्थानीय प्रतिनिधि सोमांश प्रकाश व उसके सहयोगी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कोलकाता की कंपनी बेवल को सीजीएल परीक्षा के संचालन का काम मिला था। इस दौरान बेवल के लिए स्थानीय प्रतिनिधि के तौर पर सारा कामकाज सोमांश प्रकाश के द्वारा देखा जाता था। इधर, सीजीएल परीक्षा में पेपर लीक के केस में सीआईडी लगातार टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर व सीजीएल से बहाल हुए अभय तिवारी से लगातार पूछताछ कर रही है। फिलहाल अबतक अभय के अलावे इस केस में उसकी पत्नी सुषमा तिवारी व भाई अक्षय तिवारी की गिरफ्तारी हो चुकी है। पहली बार सीआईडी ने बेवल से जुड़े लोगों की केस में गिरफ्तारी की है। गुरुवार को गिरफ्तारी के बाद सीआईडी ने सोमांश प्रकाश व राहुल से पूछताछ भी की। एसआईटी द्वारा गिरफ्तार सोमांश और राहुल को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद पांच दिनों की रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान एसआईटी दोनों से वेबल कंपनी की संलिप्तता को लेकर जानकारी एकत्रित करने में लग गयी है।
इधर, रांची सीआईडी की टीम ने गुरुवार देर रात गिरिडीह जिले के बेंगाबाद में स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर एएसओ समीर उर्फ शालू को हिरासत में लिया। जानकारी के अनुसार समीर रांची से छुट्टी लेकर अपने घर बेंगाबाद आया हुआ था। रक्षाबंधन के मौके पर वह बेंगाबाद चौक स्थित अपनी परिजनों की मिठाई दुकान पर मौजूद था, तभी सीआईडी की टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। दुकान से हिरासत में लेने के बाद सीआईडी की टीम समीर को उसके घर ले गई, जहां गहन तलाशी अभियान चलाया गया। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मौके से कुछ मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
