चाईबासा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) झारखंड, के. रवि कुमार ने पश्चिमी सिंहभूम जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने हेल्पडेस्क का निरीक्षण करने के साथ-साथ जागरूकता के लिए एक प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इससे पूर्व, उन्होंने सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया स्थित अर्का जैन विश्वविद्यालय में आयोजित 'ईएलसी फेस्ट 2026' के जिला स्तरीय ग्रैंड फिनाले का उद्घाटन किया। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवा खुद का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और आसपास के अन्य नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
चाईबासा में समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता बनने की तीन मुख्य अर्हताओं को स्पष्ट किया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एसआईआर के तहत सुनवाई की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि हेल्पडेस्क और प्रचार-प्रसार के जरिए यह सुनिश्चित किया जाए कि 'कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से न छूटे और कोई भी अपात्र या विदेशी नागरिक इसमें शामिल न हो सके।'
