रांची। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2024 (जेटेट) के पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए अभ्यर्थी सत्यापन प्रक्रिया शुरू की गयी है। इसका उद्देश्य इस परीक्षा प्रक्रिया की शुचिता और अभिलेखों की प्रमाणिकता सुनिश्चित करना है। इसके लिए झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची (जैक) ने जरूरी सूचना जारी की है। इसमें कहा गया है कि इस परीक्षा के लिए कई ऐसे पंजीकृत अभ्यर्थी हैं, जिन्होंने पूर्व में आवेदन करते समय सही से मोबाइल नंबर, इ- मेल आईडी नहीं भरा है। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए अभ्यर्थी सत्यापन प्रक्रिया शनिवार से 8 अगस्त तक चलेगी। इसके बाद ही ऐसे अभ्यर्थी को जेटेट परीक्षा के लिए आवेदन करने का मौका मिलेगा। जैक के मुताबिक, परीक्षा प्रक्रिया में शुद्धता तय करने के लिए यह सत्यापन प्रक्रिया अनिवार्य की गयी है।
सत्यापन प्रक्रिया के बाद ही आवेदन सम्भव
जैक सचिव के स्तर से सूचना दी गई है कि जेटेट के लिए निर्धारित पोर्टल पर अभ्यर्थी अपने नए मोबाइल नंबर और इ- मेल आईडी का सत्यापन ओटीपी से करेंगे।इसके बाद अभ्यर्थी अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक विवरणी पोर्टल पर दर्ज करेंगे। डाटा के मिलान और सत्यापन के बाद ही वैध, सत्यापित अभ्यर्थी ही शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन प्रपत्र 20 अगस्त से 31 अगस्त तक ऑनलाइन भर सकेंगे। जैक के मुताबिक, शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए भरे गए आवेदन प्रपत्र में जिन अभ्यर्थियों को अपने नाम, माता- पिता का नाम, जन्म तिथि सहित अन्य संशोधन करने की जरूरत है, उनके लिए पोर्टल 20 अगस्त से शुरू होगा। इस संबंध में सूचना बाद में प्रकाशित की जाएगी।
