रांची। पलामू के पूर्व सांसद ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने ब्रज मोहन राम को बधाई देते हुए कहा कि ओडिशा जैसे महत्वपूर्ण राज्य का राज्यपाल नियुक्त किया जाना झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उनके लंबे सार्वजनिक जीवन के अनुभव और जनसेवा के समर्पण से ओडिशा को नई दिशा मिलेगी।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपनेेक अनुभवों के आधार पर ओडिशा में संवैधानिक दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चम्पाई सोरेन, मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी व संजय सेठ, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा सहित प्रदेश के तमाम वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने ब्रज मोहन राम के उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की मंगलकामना की है।
