बेरमो। फुसरो-करगली मुख्य मार्ग स्थित सीसीएल ढोरी क्षेत्र के जीएम कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप रविवार से शुरू हुआ भू-धंसान बुधवार शाम तक भयावह रूप ले चुका है। चार दिनों में सड़क का करीब पांच फीट हिस्सा नीचे धंस गया है, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और खौफ का माहौल है।

इस भू-धंसान की जद में आने से सड़क किनारे स्थित पांच अस्थायी दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए दुकानदारों को एक दिन पहले ही जगह खाली करने का निर्देश दे दिया था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

सड़क के नीचे बड़े पैमाने पर मिट्टी का कटाव होने से नालेनुमा गहरा गड्ढा बन गया है। इसके ठीक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट (11 KV) की हाईटेंशन विद्युत लाइन और उसके पोल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति नियंत्रित करने और तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही बेरमो थाना प्रभारी नित्यानंद महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिहाज से फुसरो-करगली मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद करा दी गई है और पूरे क्षेत्र की नाकेबंदी कर दी गई है।

सीसीएल ढोरी प्रबंधन ने भी संवेदनशील हिस्से के चारों ओर सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि दुकानदारों को पूर्व में ही दुकानें हटाने की चेतावनी दी गई थी। आम लोगों से भी इस प्रभावित क्षेत्र से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

देर रात बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।