रांची। विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए 'झारखंड बंद' का मिला-जुला असर देखने को मिला। बंद के दौरान पूरे राज्य से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

राजधानी रांची के कई प्रमुख इलाकों अल्बर्ट एक्का चौक, लालपुर, सर्कुलर रोड, डंगराटोली चौक और प्लाजा चौकमें बंद का कोई व्यापक प्रभाव नहीं दिखा। इन क्षेत्रों में सड़कों पर आम दिनों की तुलना में वाहन थोड़े कम जरूर नजर आए, लेकिन आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही। बंद के समर्थन में सड़कों पर समर्थक कम ही दिखे, हालांकि कुछ दुकानें एहतियातन बंद रहीं। अल्बर्ट एक्का चौक पर ज्यादातर बड़ी दुकानें बंद दिखीं, पर यातायात सुचारू रूप से चलता रहा। स्थिति को नियंत्रित रखने और यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए भारी संख्या में पुलिस व ट्रैफिक बल की तैनाती की गई थी। इसी बीच, अल्बर्ट एक्का चौक पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक बाइक रैली निकालकर राज्य सरकार के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।

भाजपा नेता आदित्य साहू ने बंद को पूरी तरह सफल करार देते हुए राज्य की जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और मीडिया का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए भाजपा सड़क से लेकर सदन तक अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी।