रांची। झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने छात्रों द्वारा किए जा रहे विधानसभा घेराव पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस पूरे मामले में केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है और छात्र आंदोलन को हवा दे रही है। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने स्पष्ट किया कि सरकार समाधान को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। छात्र आंदोलन को देखते हुए पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित की गई थी, जिसमें वे खुद और सरकार के कई अन्य मंत्री शामिल थे। इस कमेटी ने छात्रों से सीधे बातचीत भी की है और सरकार समाधान की दिशा में आगे बढ़ी है। उन्होंने आगे कहा कि छात्रों द्वारा दिए गए सुझावों पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीआईडी जांच जारी है, जबकि आर्थिक पहलुओं की जांच ईडी करेगी। सीजीएल परीक्षा रद्द करने की मांग पर उन्होंने स्थिति साफ करते हुए कहा कि परीक्षा को रद्द करना सरकार के क्षेत्राधिकार से बाहर है; यह मामला सीधे तौर पर न्यायालय के क्षेत्राधिकार से जुड़ा हुआ है। सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि दुर्भाग्यवश छात्र इस बात को समझ नहीं रहे हैं। सच तो यह है कि आम छात्र मानने को तैयार हैं, लेकिन भाजपा नेता उन्हें भड़का रहे हैं और मानने नहीं दे रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि फिलहाल यह आंदोलन छात्रों का कम और भाजपा का ज्यादा नजर आ रहा है।
आज खास
विशेष
