रांची: जेएलकेएम विधायक जयराम महतो और पुलिस प्रशासन के बीच कथित वायरल ऑडियो को लेकर जारी विवाद पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता रघुवर दास की प्रतिक्रिया सामने आई है। रघुवर दास ने जयराम महतो को युवा और जुझारू नेता बताते हुए संवैधानिक पद की गरिमा बनाए रखने की सलाह दी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम महतो एक युवा और आंदोलनकारी तेवर वाले नेता हैं। वे हमेशा संघर्ष और आंदोलन के मूड में रहते हैं, जो अपनी जगह सही हो सकता है, लेकिन एक बार विधायक बनने के बाद जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी काफी बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान बोली जाने वाली भाषा और तेवर अलग हो सकते हैं, लेकिन जब कोई व्यक्ति संवैधानिक पद पर बैठता है, तो समाज उससे संयमित और मर्यादित आचरण की उम्मीद करता है। रघुवर दास ने नसीहत देते हुए कहा, "जयराम महतो युवा हैं और उनका खून गर्म है, लेकिन एक जनप्रतिनिधि के तौर पर उन्हें अपना आपा नहीं खोना चाहिए। उनकी भाषा में शालीनता और मर्यादा होनी चाहिए।"
