रांची। जेपीएससी-जेएसएससी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन और संभावित घेराव के मद्देनजर कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास के पास भारी बैरिकेडिंग की गयी है। कांके रोड और एलपीएन शाहदेव चौक के पास रास्ते को ब्लॉक कर कई जगहों पर बैरिकेड लगाए गए हैं। साथ ही रांची पुलिस की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है। इसके कारण इस तरफ के यातायात को डायवर्ट भी किया गया है। मोराबादी और कचहरी चौक की ओर जाने वाले वाहनों को आड्रे हाउस के पास से सिदो कान्हो पार्क के रास्ते डायवर्ट किया गया है। इधर, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्ट किये जाने से आम लोगों को जाम की समस्या का सामना करने का मसला भाजपा नेताओं ने उठाया है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार से अपील की है कि वह कांके रोड के बैरिकेड्स हटाए। सुरक्षा के नाम पर मुख्य सड़कों के बंद होने से स्कूली बच्चों, एंबुलेंस और आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है। पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता शोभा यादव ने कहा कि आज झारखंड के छात्र अपनी समस्याओं और अपने भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। लोकतंत्र में छात्रों और युवाओं को अपनी मांगों को सरकार के सामने रखने का पूरा अधिकार है। यदि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं, तो सरकार को उनसे संवाद करना चाहिए, न कि उनके रास्ते में लगातार बैरिकेडिंग खड़ी करके उन्हें रोकने का प्रयास करना चाहिए। वहीं इस मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा और प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जिला प्रशासन द्वारा संभावित सुरक्षा खतरों को देखते हुए किए गए हैं।