रांची। खेलगांव के हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को 77वें राज्यव्यापी वन महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वन संरक्षण और जैव विविधता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभिन्न जिलों के 20 वन मित्रों एवं समिति प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरे विश्व के लिए एक अत्यंत गंभीर चुनौती बन चुका है। इसका प्रतिकूल प्रभाव न केवल मानव जीवन, कृषि और जल संसाधनों पर पड़ रहा है, बल्कि पशु-पक्षियों और वन्यजीवों पर भी गहरा संकट खड़ा हो गया है।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि औद्योगीकरण, खनन और शहरीकरण के इस दौर में विकास की गति बनाए रखते हुए पर्यावरण संतुलन साधना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक होगा, जब वह प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए आगे बढ़े। प्रकृति के साथ खिलवाड़ बंद कर जल, जंगल और जमीन का विवेकपूर्ण उपयोग करना होगा।
मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके पूरी तरह विकसित होने तक देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम न रहकर एक जनांदोलन बनना चाहिए। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आने वाले वर्षों में वे स्वयं अभियानों के तहत लगाए गए पौधों की स्थिति का जायजा लेंगे और बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित करेंगे।
वन महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ऐसे पौधों के रोपण को प्राथमिकता दे रही है जो स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र, मिट्टी और जलवायु के अनुकूल हों। फलदार, छायादार, औषधीय और वन्यजीवों के लिए उपयोगी पौधों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे जैव विविधता के साथ-साथ भूजल स्तर और मिट्टी की उर्वरता में सुधार हो सके।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 वन मित्र हुए सम्मानितः समारोह में मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न वन प्रमंडलों से चुने गए 20 वन मित्रों और समिति प्रतिनिधियों को वन संरक्षण, संवर्धन और सामुदायिक वन प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया।
समारोह में विधायक कल्पना सोरेन, सचिव अबू बकर सिद्दीकी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक विश्वनाथ शाह, एटी मिश्रा सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
