रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा और आजसू के विधायकों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा नेताओं और छात्रों के बीच करीब 15 मिनट से अधिक समय तक वार्ता हुई, जिसमें बाबूलाल मरांडी ने छात्रों की मांगों और आंदोलन से जुड़े तमाम पहलुओं की विस्तृत जानकारी ली।

मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में हुई धांधली के खिलाफ छात्रों की मांग पूरी तरह जायज है। छात्र इन परीक्षाओं को रद्द कर पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं और इससे कम पर मानने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा छात्रों के इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक उनके साथ मजबूती से खड़ी है और आगामी विधानसभा सत्र में इसे जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार और चयन आयोगों पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड में केवल पेपर लीक ही नहीं, बल्कि जेपीएससी और जेएसएससी द्वारा खुलेआम नौकरियां बेची गई हैं।

इस अवसर पर भाजपा विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, मनोज यादव, नागेंद्र महतो, डॉ. नीरा यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, अमित यादव, शत्रुघ्न महतो, उज्ज्वल दास, मंजू कुमारी, प्रदीप प्रसाद, पूर्णिमा साहू, आजसू विधायक निर्मल महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी और रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।