बोकारो। शहर में हो रही लगातार बारिश के बीच प्रशासनिक तत्परता देखने को मिली है। बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने बोकारो स्टील सिटी के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर नागरिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बारिश के बीच किए गए इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर की सड़कों, सफाई व्यवस्था और जल निकासी प्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति सामने आई। इस पर उपायुक्त ने मौके पर मौजूद बोकारो स्टील प्लांट के अधिकारियों को तुरंत जल निकासी के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल तात्कालिक राहत ही नहीं, बल्कि इन क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि लगातार बारिश के मौसम में आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संवेदनशील इलाकों की निरंतर निगरानी और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त रखना बेहद आवश्यक है।निचले और संवेदनशील इलाकों पर प्रशासनिक टीम लगातार नजर रखे। नालियों और जल निकासी के रास्तों की तत्काल और बेहतर सफाई सुनिश्चित की जाए। सड़कों की स्थिति सुधारने और जलजमाव हटाने के काम को प्राथमिकता दी जाए।