रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राजधानी रांची में अभ्यर्थियों का विरोध-प्रदर्शन लगातार तेज हो रहा है। छात्रों के इस बड़े आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को जेपीएससी एवं जेएसएससी की हालिया परीक्षा और नियुक्ति प्रक्रियाओं पर उठ रहे सवालों, छात्रों के विरोध-प्रदर्शन तथा इस संबंध में राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने परीक्षा प्रक्रियाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत गंभीर मामला बताया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छात्रहित राज्य के लिए सर्वोपरि है। परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहनी चाहिए ताकि राज्य के युवाओं का व्यवस्था पर विश्वास न डिगे। राज्यपाल ने हिदायत दी कि दोनों आयोग अपनी कार्यप्रणाली को इस प्रकार पारदर्शी बनाएं कि उनकी कार्यशैली और विश्वसनीयता पर किसी भी तरह का प्रश्नचिह्न न लगे।
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार इस मामले में निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने जा रही है, ताकि दोषी बख्शे न जाएं और अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके।
