सिमडेगा। जिले के कोलेबिरा में पुलिस की नजरों से बचने के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल कर गांजा तस्करी करने के एक अनोखे तरीके का पर्दाफाश हुआ है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कोलेबिरा थाना पुलिस ने एक संदिग्ध एंबुलेंस को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो वाहन से गांजे के 83 पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने मौके से एंबुलेंस को जब्त करते हुए उसमें सवार चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपियों ने चेकिंग और पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए एंबुलेंस का सहारा लिया था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार तस्करों से सघन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजे की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किसे डिलीवर किया जाना था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुटी है।

कोलेबिरा क्षेत्र में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस का यह कोई पहला अभियान नहीं है। इससे पहले अगस्त 2026 मंय भी कोलेबिरा पुलिस ने एक लावारिस इनोवा कार से 108.328 किलोग्राम (105 पैकेट) गांजा बरामद किया था।

ताजा कार्रवाई को जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।