रांची। झारखंड के स्वास्थ्य विभाग ने राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) में खाली पड़े सभी महत्वपूर्ण पदों को इस साल के अंत तक भरने का लक्ष्य तय किया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई रिम्स सेलेक्शन कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया।
अगले चार महीनों के भीतर रिम्स में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर सहित अन्य सभी जरूरी टीचिंग पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
रिम्स में सृजित पदों और वर्तमान में कार्यरत चिकित्सकों, एएनएम, जीएनएम व अन्य कर्मियों की स्थिति का समग्र आकलन कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया है।
अपर मुख्य सचिव ने डॉक्टरों व कर्मियों के प्रमोशन के लिए एक स्पष्ट और पारदर्शी क्राइटेरिया निर्धारित कर ड्राफ्ट तैयार करने का निर्देश दिया।रिम्स के सभी विभागों में 'हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम' को 100% लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। इसकी जिम्मेदारी सभी विभागाध्यक्षों को सौंपी गई है।
बैठक में अपर सचिव शशि प्रकाश, रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिंह, सहायक निदेशक बाघमारे प्रसाद कृष्ण, संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. पी. भट्टाचार्य और डॉ. हिरेंद्र बिरूवा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
