रांची। झारखंड में मॉनसून एक बार फिर पूरी तरह से मेहरबान नजर आ रहा है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार प्रदेश भर में 2 सितंबर तक बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने के आसार हैं। विभाग ने 31 अगस्त तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लगातार बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण अगले कुछ दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिलेगी।

29 अगस्त को संताल परगना के दुमका, देवघर और जामताड़ा सहित गिरिडीह, धनबाद, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं भारी बारिश की प्रबल संभावना है।30 अगस्त को उत्तर-पूर्वी झारखंड, धनबाद और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

31 अगस्त को दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी रांची में 31 अगस्त तक आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। शहर में रोजाना दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की जा सकती है। 1 और 2 सितंबर को भी रांची और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश होने का अनुमान है।