रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में प्रमंडलीय प्रभारियों, सभी जिलों के अध्यक्षों, संयोजकों, विधानसभा स्तर के बीएलए-1 पदाधिकारियों और युवा प्रदेश संयोजक मंडली ने भाग लिया।

बैठक में संगठन विस्तार, प्रखंड से बूथ स्तर तक पुनर्गठन और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ-साथ जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों पर हुए हमलों तथा एमएमडीआर संशोधन अधिनियम 2026 पर चर्चा की गई।

केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो विधानसभा वार सभी प्रखंडों का दौरा करेंगे। ‘कल, आज और कल का झारखंड’ विषय पर आयोजित इस संवाद के जरिए रोजगार, शिक्षा, कृषि, उद्योग और पलायन जैसे मुद्दों पर जनता व युवाओं से विचार-सुझाव लिए जाएंगे।

1 सितंबर से प्रमंडलीय प्रभारी अपने क्षेत्रों का नियमित दौरा करेंगे। इस दौरान प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन की समीक्षा एवं पुनर्गठन किया जाएगा।

बैठक में गिरिडीह, रामगढ़, हजारीबाग, रांची और गढ़वा में जेपीएससी-जेएसएससी आंदोलनरत छात्रों पर हुए कथित हमलों की भर्त्सना की गई। पार्टी ने 21 अगस्त को रांची में एक छात्रा के साथ हुई घटना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी नामजद आरोपियों पर कार्रवाई न होने पर सवाल उठाए।

आंदोलनरत छात्रों पर हमले के विरोध में आजसू पार्टी राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर सरकार का पुतला दहन करेगी। इसके लिए जिला अध्यक्ष संबंधित उपायुक्तों को ज्ञापन सौंपकर स्थान व समय निर्धारित करेंगे।

एमएमडीआर संशोधन कानून,2026 पर पार्टी ने मांग की कि अधिनियम की धारा 9D के तहत मिलने वाले राजस्व का सीधा लाभ झारखंड और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास में मिले। आजसू ने सत्ता पक्ष पर इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।

पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि 'दल और सरकार एक नहीं होते, सरकार संविधान से चलती है'। आजसू आने वाले दिनों में छात्रों के अधिकारों और लोकतांत्रिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करेगी।