​रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक मिलन समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों के कई दिग्गज नेताओं और समाजसेवियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद की उपस्थिति में नेताओं को पार्टी में शामिल कराया गया।

​भाजपा में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों में कोल्हान (ईचागढ़) से खगेन महतो, बोकारो से परिन्दा सिंह तथा बरकट्ठा से कुमकुम देवी शामिल हैं। इनके अलावा सरायकेला, हजारीबाग, बोकारो और जमशेदपुर जिले के दर्जनों वरिष्ठ नेताओं ने भी भाजपा का दामन थामा।

​समारोह को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने नए सदस्यों का स्वागत किया और कहा कि इनमें से कई नेता जनसंघ और भाजपा से जुड़े परिवारों की पृष्ठभूमि से आते हैं। यह कोई नए सदस्य नहीं, बल्कि अपने परिवार में वापस लौटे हैं। इनके आने से झारखंड में पार्टी संगठन को और मजबूती मिलेगी।

​कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने सभी नए कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से सदस्यता दिलाई और अपील की कि सभी कार्यकर्ता मिलकर काम करें ताकि 2029 के चुनाव में राज्य में भाजपा की सरकार बनाई जा सके।


​खगेन महतो ने कहा कि मैं जनसंघ नेता हिकीम चंद्र महतो के परिवार से आता हूँ। भाजपा मेरे रग-रग में है और जीवनपर्यंत संगठन के लिए समर्पित रहूँगा।

​परिन्दा सिंह ने कहा कि दिवंगत नेता समरेश सिंह की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अंत्योदय और सुशासन के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का काम करूँगी।

​कुमकुम देवी ने कहा कि भाजपा कार्यालय हमारे लिए मंदिर के समान है। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाऊँगी।

​समारोह में भवानी गोप, हरि सिंह, हरिपाल महतो, कैलाश प्रामाणिक, मिंटू गुप्ता, संजय मंडल, मालिन्दर कालिंदी, बिंदु देवी सहित कई अन्य नेताओं ने भी सदस्यता ली।

​इस अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान, प्रतुल शाहदेव, पप्पू वर्मा और बिजय कोइरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।