रांची। नागरमल मोदी सेवा सदन के 69वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए झारखण्ड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल रोग के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवीय गरिमा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी है।
संस्थान के "कम खर्च, समुचित इलाज, सही व्यवहार" के संदेश की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक दौर में इलाज के बढ़ते खर्च के बीच किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1958 में मातृत्व गृह के रूप में शुरू हुआ यह अस्पताल आज सात दशकों की सेवा और समर्पण के बल पर एक प्रमुख बहुविशेषता अस्पताल बन चुका है।
राज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि किसी अस्पताल की असली पहचान सिर्फ उसकी इमारत या आधुनिक उपकरणों से नहीं, बल्कि मरीजों के प्रति चिकित्सकों और कर्मचारियों के मानवीय व्यवहार, सम्मान व विश्वास से होती है। उन्होंने संस्थान के चिकित्सकों, नर्सिंग और तकनीकी स्टाफ के समर्पण की सराहना की और उम्मीद जताई कि यह अस्पताल भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद वर्गों को बेहतर चिकित्सा सेवा देता रहेगा।
समारोह को संबोधित करने से पहले राज्यपाल महोदय ने अस्पताल के सामुदायिक डायलिसिस विभाग का निरीक्षण किया और वहाँ भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
