रांची।अरगोड़ा थाना क्षेत्र में डॉक्टर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपक कुमार दास (46 वर्ष, पिता- स्वर्गीय पवित्र चंद्र दास)के रूप में हुई है।आरोपी मूल रूप से लोहरदगा के न्यू बस स्टैंड साइडिंग का रहने वाला है और वर्तमान में सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के आईटीआई रोड स्थित पानी टंकी के पास किराए के मकान में रह रहा था।
उल्लेखनीय है कि अशोक नगर (रोड नं. 4) निवासी 68 वर्षीय डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा ने अरगोड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, मोबाइल नंबर 9199404559 से 29 जुलाई से लगातार उनसे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
डॉक्टर के आवेदन के आधार पर अरगोड़ा थाने में मामला (कांड सं. 224/2026, दिनांक 23.08.2026) भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4), 308(5), 351(2) और 352 के तहत दर्ज किया गया था।
वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर अनुसंधान शुरू किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर के उपयोगकर्ता दीपक कुमार दास को पुलिस ने धर दबोचा। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया सिम कार्ड भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।
