रांची। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के इस्तेमाल की तीखी निंदा की है। इस बर्बर कार्रवाई के विरोध में विद्यार्थी परिषद ने 11 अगस्त को राज्य विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया है।
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने पुलिस कार्रवाई को शर्मनाक करार देते हुए कहा कि अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण मार्च निकाल रहे विद्यार्थियों और मीडियाकर्मियों पर बलप्रयोग किया गया तथा कई छात्रों को हिरासत में लिया गया। सोलंकी ने सत्ताधारी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अन्य राज्यों में लोकतंत्र और छात्र अधिकारों की बात करने वाली पार्टी का झारखंड में इस दमनकारी कार्रवाई पर मौन रहना उसके दोहरे चरित्र को उजागर करता है।
तिनकोनिया ग्राउंड से निकलेगा मार्च
छात्रों की आवाज को लाठी और पानी की बौछारों से दबाए जाने के विरोध में अभाविप के नेतृत्व में हजारों विद्यार्थी पुराने विधानसभा स्थित तिनकोनिया ग्राउंड में एकत्रित होंगे। यहाँ से विधानसभा तक एक शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक मार्च निकाला जाएगा।
जहाँ सरकार के समक्ष छात्रों की माँगें रखी जाएँगी। अभाविप ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ और दमनकारी नीतियों के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।
