​रांची। झारखंड में बुधवार, 18 नवंबर से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित होने वाली हैं। लंबित मांगों और कार्यप्रणाली में व्याप्त अनियमितताओं के खिलाफ 'झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ' ने 18 नवंबर की रात 8 बजे से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। इस दौरान राज्यभर के 108 एम्बुलेंस कर्मी रांची स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कार्यालय के समक्ष जुटकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। संघ की प्रमुख मांगों में अगस्त से अक्टूबर 2026 तक के लंबित वेतन का तत्काल भुगतान, फरवरी 2025 से अब तक की गई कथित मनमानी वेतन कटौती की जांच कर बकाया राशि वापस करने,संदिग्ध वेतन भुगतान दस्तावेजों और खराब एम्बुलेंस के नाम पर सरकारी राशि की निकासी की उच्चस्तरीय जांच और साथ ही कर्मियों पर फर्जी केस आईडी बनाने और निजी पैसे से एम्बुलेंस की मरम्मत कराने के दबाव को बंद किया जाए।

प्रदेश अध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इससे पहले भी कई बार आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई, लेकिन हर बार शासन-प्रशासन के आश्वासन पर इसे स्थगित करना पड़ा। पूर्व में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई वार्ता में छठ पूजा तक सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया गया था। हालांकि, तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी न तो बकाया वेतन मिला और न ही व्यवस्था में कोई सुधार हुआ।

​संघ ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि इस बार कर्मचारी केवल मौखिक आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे। जब तक सरकार अपनी घोषणाओं को धरातल पर नहीं उतारती और कर्मचारियों को वास्तविक न्याय नहीं मिलता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।