कटनी/साहिबगंज।मध्य प्रदेश के कटनी जिले में हुए चर्चित 12 करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी के मामले में पुलिस को बड़ा हाथ लगा है। कटनी पुलिस ने झारखंड के साहिबगंज निवासी एक आरोपी को कोलकाता रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है। इस वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य रूप से झारखंड का ही एक शातिर गिरोह था, जिसने सुनियोजित तरीके से इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया था।
मामला कटनी के बरगवां स्थित 'किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम' का है। गत 12 नवंबर को झारखंड के इस गिरोह ने शोरूम को अपना निशाना बनाया था। बदमाशों ने बेहद शातिर तरीके से शोरूम के पीछे की ईंट की दीवार को तोड़कर करीब 1.75 फीट का छेद बनाया था। दीवार तोड़ने की आवाज बाहर न जाए, इसके लिए उन्होंने नीचे पत्ते बिछाए थे।
वारदात के लिए औजारों की व्यवस्था भी अलग-अलग जगहों से की गई थी। पेचकस और पाना मुंबई से खरीदे गए थे, जबकि गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था कटनी से ही की गई थी। इसके बाद बदमाशों ने गैस कटर से तिजोरी काटकर करीब 12 करोड़ रुपये के जेवर चुरा लिए थे। दिवाली का सीजन होने के कारण शोरूम में सामान्य दिनों से ज्यादा स्टॉक मौजूद था।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान झारखंड के साहिबगंज जिले के रहने वाले बदरुद्दीन शाह (48) के रूप में हुई है।आरोपी बदरुद्दीन को मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कोलकाता रेलवे स्टेशन के पास से दबोचा गया।
पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह में कुल 7 सदस्य शामिल थे। बदरुद्दीन की मुख्य भूमिका दीवार खोदकर शोरूम के अंदर घुसने और अपने साथियों की मदद करने की थी।बदरुद्दीन कटनी में अन्य व्यावसायिक संस्थानों की भी रेकी कर रहा था, इसी दौरान उसकी गतिविधियां और फोटो सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं थीं, जिससे पुलिस के लिए उसका सुराग लगाना आसान हो गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के पास से फिलहाल चोरी के जेवर बरामद नहीं हुए हैं क्योंकि उसे चोरी के माल का हिस्सा अभी नहीं मिला था। अदालत ने आरोपी बदरुद्दीन को 8 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है।
पुलिस अब गिरोह के बाकी 6 फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा जाएगा और चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया जाएगा।
