रांची। शहर के बहुचर्चित हरिओम टावर में बिना ट्रेड लाइसेंस संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों के खिलाफ रांची नगर निगम ने कड़ी कार्रवाई की है। निगम की टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच कोचिंग संस्थानों को मौके पर पहुंचकर सील कर दिया। सील किए गए संस्थानों में द पाठशाला, पतंजलि आईएएस एकेडमी, मोशन एकेडमी, क्लैट प्रिपरेशन और चैतन्या आईएएस एकेडमी जैसे बड़े कोचिंग संस्थान शामिल हैं।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार इन संस्थानों को पूर्व में ही नोटिस जारी कर ट्रेड लाइसेंस बनवाने और संचालन से जुड़े नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद आदेश की अनदेखी कर संचालन जारी रखने पर यह सख्त कदम उठाया गया।

रांची नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में संचालित कोचिंग संस्थानों और पुस्तकालयों (लाइब्रेरी) की वैधानिक जांच के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।अभियान के तहत अब तक 70 कोचिंग संस्थानों के म्यूनिसिपल ट्रेड लाइसेंस की जांच की गई।जांच में 18 कोचिंग संस्थान बिना वैध म्यूनिसिपल ट्रेड लाइसेंस के चलते पाए गए।

इन सभी 18 संस्थानों को 3 दिनों के भीतर लाइसेंस प्राप्त करने की अंतिम चेतावनी दी गई थी। निर्देश का पालन न करने वाले ऐसे सभी संस्थानों को अब चरणबद्ध तरीके से सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी दल-बल के साथ मौजूद रहे। निगम ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस व्यापारिक या शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन पर यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।