गिरिडीह। तिसरी प्रखंड में आपूर्ति विभाग और बीडीओ के लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। गरीबों के बीच वितरण के लिए भेजा गया 31 क्विंटल चना दाल का पूरा स्टॉक एफसीआई गोदाम में पड़े-पड़े खराब हो गया। समय पर वितरण नहीं होने के कारण दाल सड़ गई, जिससे अब इसे जरूरतमंदों के बीच बांटना संभव नहीं है। मामले की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार को जेएमएम के तिसरी प्रखंड नेता रिंकू एफसीआई गोदाम पहुंचे और खराब पड़े दाल के स्टॉक का जायजा लिया। उन्होंने आपूर्ति विभाग और प्रखंड प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। जेएमएम नेता रिंकू ने कहा कि सरकार की ओर से गरीबों को राहत देने के उद्देश्य से चना दाल भेजी गई थी, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण पूरा स्टॉक बर्बाद हो गया। उन्होंने कहा कि तिसरी प्रखंड के अधिकारियों की लापरवाही के कारण गरीबों का हक प्रभावित हुआ है। उन्होंने इस मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार से संपर्क कर जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि बीडीओ ने फोन रिसीव नहीं किया। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में सरकारी खाद्यान्न खराब होने के लिए जिम्मेदार कौन है और इस पर क्या कार्रवाई होगी।