रांची। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद , रांची द्वारा राज्य स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता एवं विभिन्न खेल विधाओं की खुली चयन प्रक्रिया का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को खेलगांव के प्रैक्टिस मैदान में एथलेटिक्स की खुली चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें बालिका वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयुवर्ग की खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंडर-14 में 39, अंडर-17 में 124 तथा अंडर-19 में 69 खिलाड़ियों सहित कुल 232 बालिका खिलाड़ियों ने भागीदारी की। चयन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी हेतु आयोजित कैंप में शामिल होने का अवसर प्राप्त होगा, जिससे अंतिम चयन के बाद राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। आज (02 अक्टूबर) एथलेटिक्स के तीनों आयुवर्गों के बालक वर्ग की खुली चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।